Connect with us

Hi, what are you looking for?

English

समाचार

देखी नहीं जा रही गायों की दुर्दशा, भाजपा की गौसेवा पर उठे सवाल  

कांग्रेस की नेताओं ने देहरादून के कांजी हाउस में गायों की भयावह स्थिति उजागर कर भाजपा की गोरक्षा पर उठाए सवाल

उत्तराखंड में गोवंश की दुर्दशा को लेकर कांग्रेस ने भाजपा पर जमकर निशाना साधा है। प्रदेश कांग्रेस की मुख्य प्रवक्ता गरिमा मेहरा दसौनी और महानगर महिला कांग्रेस अध्यक्ष उर्मिला थापा ने देहरादून के कांजी हाउस (गोसदन) में भूख-प्यास से तड़पती गायों की हालत उजाकर कर भाजपा के गौरक्षा के दावों पर सवाल उठाये।

गरिमा मेहरा दसौनी का कहना है कि गौरक्षा और गौमाता के नाम पर राजनीति करने वाली भाजपा की हकीकत देखनी है तो देहरादून का कांजी हाउस उसका बड़ा उदाहरण है। जब वे अचानक देहरादून के कांजी हाउस पहुंची तो वहां का हाल बहुत ही दु:खद और दुर्भाग्यपूर्ण था। गौमाताओं की स्थिति अत्यंत दयनीय है। आरोप है कि कई गायें मरी पड़ी थीं और उन पर मक्खियां भिन-भिना रही थीं। कई गायें गंभीर रूप से घायल अवस्था में मिलीं, जिनके जख्म गहरे थे और बहुत खून बह रहा था। उन्हें देखकर साफ पता लग रहा था कि उनकी कोई देखभाल नहीं हुई और ना ही इलाज हुआ। गौमाता कांजी हाउस में भूख-प्यास से तड़पती भी देखी गईं। पानी और भूसे के लिए बनाए गये कुंड एकदम खाली थे। केयरटेकर से पूछने पर उसने भूसे का ऑर्डर दिए जाने की बात कही।

गरिमा मेहरा के मुताबिक, कांजी हाउस के लिए नियुक्त वेटरनरी डॉक्टर से जख्मी गायों के बारे में पूछा तो उन्होंने एडवांस दवाई और इंजेक्शन ना होने की बात कही। कांग्रेस नेत्रियों ने कांजी हाउस से फेसबुक लाइव कर वहां के हालत और गौमाता की स्थिति को उजागर किया। इससे प्रशासन और नगर निगम में हड़कंप मच गया। अब नगर निगम और पशुपालन विभाग के अफसर एक-दूसरे पर जिम्मेदारी डालने का प्रयास कर रहे हैं।

महानगर महिला कांग्रेस अध्यक्ष उर्मिला थापा का कहना है कि गौमाता को भी नगर निगम ने उगाही का जरिया बना लिया है। गरीब लोगों की गायों को उठाकर कांजी हाउस में पटक दिया जाता है जहां उनकी कोई देखरेख नहीं की जाती। ना उन्हें इलाज मिलता है और ना ही भर भेट चारा। मरी हुई गायों को दफनाने तक की जहमत नगर निगम नहीं उठा रहा है। गौमाता को सड़ने के लिए छोड़ दिया गया है। 

गौरक्षा को राजनीतिक मुद्दा बनाने वाली भाजपा के शासनकाल में गोवंश की दुर्दशा से धामी सरकार की काफी किरकिरी हो रही है। कांग्रेस प्रवक्ता गरिमा मेहरा ने कहा कि गौमाताओं की दुर्दशा करने का जो महापाप भाजपा ने किया है उसका खामियाजा उसे भुगतना पड़ेगा। गरिमा मेहरा ने शासन-प्रशासन को चेतावनी देते हुए कहा कि यदि एक सप्ताह के अंदर काजी हाऊस के हालात नही सुधरे तो कांग्रेस पार्टी इस मुद्दे को सड़क से लेकर सदन तक उठाएगी।

देहरादून नगर निगम द्वारा संचालित कांजी हाउस में क्षमता से अधिक गायें हैं। उन्हें पर्याप्त चारा और इलाज न मिलने के आरोप लगते रहते हैं। यहां तक कि कई बार मरे पशुओं को उठाने में भी कोताही सामने आती है। हाल के वर्षों में गौरक्षा के नाम पर राजनीति भले ही गरमाई, लेकिन खेती को बर्बाद करते छुट्टा जानवरों से लेकर शहरों में भटकते बेसहारा गोवंश बड़ी समस्या बन चुके हैं। गोवंश की दुर्दशा को लेकर कांग्रेस ने धामी सरकार, पशुपालन मंत्री सौरव बहुगुणा और नगर निगम महापौर सुनील उनियाल गामा पर अपनी जिम्मेदारी से भागने का आरोप लगाया है।

संबंधित पोस्ट

News

मंगलवार को किसानों पर आंसू गैस छोड़ने और उनकी मांगों को पूरा नहीं करने पर विपक्ष ने मोदी सरकार को घेरा है। कांग्रेस, समाजवादी...

समाचार

पीएम किसान सम्मान निधि के लाभार्थियों के लिए अच्छी खबर है। सरकार अब ई-केवाईसी के लिए देश के कई गांवों में कैम्प लगाने जा...

कृषि

प्रधानमंत्री किसान सम्मान निधि योजना (पीएम किसान) की 16 वीं किस्त जारी करने की तैयारी है। ऐसे में किसानों के लिए एक जरूरी सूचना...

News

सोमवार को किसान और केंद्रीय मंत्रियों के बीच हुई वार्ता फेल होने के बाद, मंगलवार को पंजाब से दिल्ली की ओर कूच कर रहे...