सरकारी नौकरी की तैयारी कर रहे युवाओं के लिए अच्छी खबर है। उत्तराखंड अधीनस्थ सेवा चयन आयोग (यूकेएसएसएससी) विभिन्न विभागों के 1402 रिक्त पदों के लिए भर्तियां करने जा रहा है। इसके लिए विज्ञापनों के प्रकाशन और परीक्षा तिथि का प्रस्तावित कार्यक्रम जारी किया गया है। स्नातक स्तरीय भर्ती के अलावा 5 नई भर्तियां कराई जाएंगी।
इन भर्तियों के विज्ञापन 29 सितंबर से 6 नवंबर के बीच प्रकाशित किए जाएंगे, जबकि भर्ती परीक्षाएं 26 नवंबर से 10 मार्च के बीच आयोजित होंगी। आयोग के अध्यक्ष जीएस मर्तोलिया ने बताया कि नई भर्तियों के लिए पूरी तैयार है। तय कार्यक्रम के हिसाब से पूरी पारदर्शिता के साथ भर्ती परीक्षाएं कराई जाएंगी।

इन भर्तियों में 657 पद सहायक अध्यापक एलटी स्नातक के हैं। इंटरमीडिएट स्तरीय सामान्य भर्ती में 293 पद, स्नातक स्तरीय भर्ती में 226 पद, इंटरमीडिएट स्तरीय विषय आधारित भर्ती में 136 पद, व्यायाम प्रशिक्षक के 56 पद और सहायक कृषि अधिकारी के 34 पदों के लिए भर्तियां की जाएंगी।
पेपरलीक कांड से घिरे यूकेएसएसएससी की स्नातक स्तरीय भर्ती समेत कई भर्तियां पिछले साल रद्द करनी पड़ी थी। सरकार ने 23 भर्तियों को उत्तराखंड लोक सेवा आयोग को सौंप दिया था। अब आयोग नए अध्यक्ष की निगरानी में पूरी पारदर्शिता और सख्ती के साथ भर्तियों की तैयारी में जुटा है।
