Connect with us

Hi, what are you looking for?

English

समाचार

पेपर लीक कांड में भाजपा के पूर्व मंडल अध्यक्ष की गिरफ्तारी का इंतजार

हाकम सिंह के बाद भर्ती धांधलियों में भाजपा के पूर्व मंडल अध्यक्ष संजय धारीवाल के खिलाफ केस दर्ज, भाजपा के बड़े नेताओं से नजदीकियों पर उठ रहे हैं सवाल

उत्तराखंड लोक सेवा आयोग की एई और जेई भर्ती परीक्षा के पेपर लीक कांड में आरोपी भाजपा के पूर्व मंडल अध्यक्ष संजय धारीवाल की तलाश जारी है। पटवारी परीक्षा का पेपर लीक होने के बाद एई-जेई भर्ती परीक्षा भी सवालों के घेरे में थी। एई-जेई भर्ती परीक्षा में भी पेपर लीक का खुलासा होने के बाद जिन 9 लोगों के खिलाफ केस दर्ज हुआ है, उनमें भाजपा के मंगलौर मंडल का पूर्व अध्यक्ष संजय धारीवाल का नाम भी शामिल है।

एई-जेई पेपरलीक मामले में एसआईटी ने शनिवार को राज्य लोक सेवा आयोग के अनुभाग अधिकारी संजीव कुमार, भाजपा नेता नितिन चौहान और सुनील सैनी को गिरफ्तार किया था। मगर भाजपा का पूर्व मंडल अध्यक्ष नेता संजय धारीवाल अभी तक पकड़ में नहीं आया है। बताया जा रहा है कि एसआईटी उसके संभावित ठिकानों पर दबिश दे रही है और उसे जल्द ही गिरफ्तार कर लिया जाएगा।

एई-जेई पेपर लीक कांड के तार पटवारी-लेखपाल परीक्षा मामले में गिरफ्तार आयोग के निलंबित अनुभाग अधिकारी संजीव चतुर्वेदी से जुड़े हैं। उसी ने आयोग में अपने सहकर्मी संजीव कुमार को 28 लाख रुपये देकर एई-जेई का पेपर हासिल किया और अपनी पत्नी व अन्य लोगों की मदद से अभ्यर्थियों तक पहुंचाया था।

भर्ती धांधलियों में भाजपा नेता हाकम सिंह की गिरफ्तारी के बाद अब संजय धारीवाल और नितिन चौहान का नाम आने से भाजपा बैकफुट पर है। हालांकि, भाजपा ने संजय धारीवाल से पल्ला झाड़ लिया है। संभवत: भर्ती धंधली में उसका नाम आने की सुगबुगाहट के चलते मंडल अध्यक्ष पद से उससे इस्तीफा दिलवाया गया था। लेकिन संजय धारीवाल के भाजपा के बड़े नेताओं से संपर्कों को लेकर सवाल उठ रहे हैं। हरिद्वार सांसद रमेश पोखरियाल निशंक और भाजपा प्रदेश अध्यक्ष महेंद्र भट्ट के साथ उसकी तस्वीरें सोशल मीडिया में वायरल हो रही हैं। खबर है कि रुड़की क्षेत्र के जिस भाजपा नेता ने उसकी सिफारिश की थी, पुलिस उससे भी पूछताछ कर चुकी है।

पूर्व मुख्यमंत्री हरीश रावत ने लोक सेवा आयोग में एक के बाद दूसरे पेपर लीक को लेकर भाजपा पर निशाना साधा है। रावत ने कहा कि अब सीएम पुष्कर सिंह धामी के सामने राज्य या रसूखदारों में से किसी एक को बचाने का सवाल खड़ा हो गया है। अधीनस्थ सेवा चयन आयोग की तरह लोक सेवा आयोग भर्ती घोटाले में भाजपा नेताओं के नात आ रहे हैं। इसमें भी मंडल अध्यक्ष तो मात्र मोहरा है, इस मंडल अध्यक्ष को संरक्षण देने में जिस व्यक्ति का नाम आ रहा है, यह सोचकर ही आश्चर्य होता है कि इस स्तर का व्यक्ति घटिया काम कर सकता है। इशारों-इशारों में हरीश रावत ने उत्तराखंड भाजपा के एक कद्दादार नेता पर निशाना साधा है। कहा जा रहा है कि धारीवाल का मंडल अध्यक्ष बनवाने में भाजपा के उसी बड़े नेता का हाथ था।

संबंधित पोस्ट

News

मंगलवार को किसानों पर आंसू गैस छोड़ने और उनकी मांगों को पूरा नहीं करने पर विपक्ष ने मोदी सरकार को घेरा है। कांग्रेस, समाजवादी...

समाचार

पीएम किसान सम्मान निधि के लाभार्थियों के लिए अच्छी खबर है। सरकार अब ई-केवाईसी के लिए देश के कई गांवों में कैम्प लगाने जा...

कृषि

प्रधानमंत्री किसान सम्मान निधि योजना (पीएम किसान) की 16 वीं किस्त जारी करने की तैयारी है। ऐसे में किसानों के लिए एक जरूरी सूचना...

News

सोमवार को किसान और केंद्रीय मंत्रियों के बीच हुई वार्ता फेल होने के बाद, मंगलवार को पंजाब से दिल्ली की ओर कूच कर रहे...